श्री मनोज मित्तल जुलाई 2024 से भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के पद पर कार्यरत हैं। भारतीय संसद के एक अधिनियम के अंतर्गत स्थापित सिडबी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के संवर्द्धन, वित्तपोषण एवं विकास के लिए प्रमुख वित्तीय संस्था के रूप में कार्य करता है तथा समान गतिविधियों में संलग्न संस्थाओं के कार्यों में समन्वय की भूमिका भी निभाता है।
इससे पूर्व, वे 3 वर्षों तक सार्वजनिक क्षेत्र की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) आईएफसीआई लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) के पद पर आसीन रहे। उनके कार्यकाल के दौरान, आईएफसीआई लिमिटेड ने नई व्यवसायिक रणनीति के माध्यम से वित्त वर्ष 2024 में लगातार वार्षिक हानियों के बाद, लाभ अर्जित कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इसके पहले वे अपने करियर में 5 वर्षों तक सिडबी के उप प्रबंध निदेशक के पद पर आसीन रहे।
श्री मित्तल को रणनीतिक नेतृत्व के माध्यम से संगठनात्मक विकास को गति प्रदान करने तथा प्रभाव एवं लाभप्रदता सुनिश्चित करने का तीन दशकों से भी अधिक का व्यापक अनुभव प्राप्त है। उन्हें एमएसएमई, स्टार्ट-अप तथा बैंकों, एनबीएफसी, अल्प वित्त संस्थाओं एवं वैकल्पिक निवेश निधियों जैसे वित्तीय मध्यवर्ती संस्थाओं को सहायता प्रदान करने की महत्तर विशेषज्ञता प्राप्त है। उन्होंने फंड ऑफ फंड्स परिचालन, जोखिम पूंजी निवेश, वेंचर डेट तथा सीड कैपिटल सहायता के माध्यम से स्टार्ट-अप पारितंत्र के लिए वैकल्पिक वित्त को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभाई है। साथ ही, उन्हें बहुपक्षीय एजेंसियों एवं भारत सरकार द्वारा समर्थित विभिन्न संधारणीय एवं विकासोन्मुख कार्यक्रमों के अभिकल्पन, प्रबंध तथा संबंधित क्षेत्र के प्रभाव मूल्यांकन का भी महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त है।
कॉपीराइट © 2026 लघु उद्योग विकास बैंक भारत (सिडबी)। सभी अधिकार आरक्षित
अंतिम अपडेट: 02-06-2026